New start for Namo Van in Lucknows Natkur shifted due to land dispute to offer these facilities | लखनऊ के नटकुर में नमो वन की नई शुरुआत, जमीनी विवाद के कारण बदला नमो वन का स्थान, मिलेंगी ये सुविधा | News Track in Hindi

10/2/2025, 11:00:13 AM
Lucknow News: लखनऊ में बहुप्रतीक्षित नमो वन जोन 8 स्थित नटकुर में स्थापित किया जाएगा। जमीनी विवाद और स्थानीय विरोध के कारण पहले घैला में प्रस्तावित वन की जगह को बदल दिया गया है। मेयर सुषमा खर्कवाल ने नटकुर में कनेर आम और आंवला के पौधे रोपित कर स्थापना का शुभारंभ किया। मेयर सुषमा खर्कवाल ने बताया कि पहले यह पार्क घैला में विकसित किया जाना था, लेकिन ज़मीनी विवाद के चलते उस प्रस्ताव को रद्द कर दिया गया। उन्होंने कहा कि नटकुर में घनी आबादी को ने वन से लाभ मिलेगा। 10 करोड़ की लागत 1 साल में होगा तैयार नमो वन को लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से एक साल में बनाकर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। अपर नगर आयुक्त डॉक्टर अरविंद कुमार राव ने बताया कि इस पार्क में गार्डन, रोप-वे सहित सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी। यह पार्क पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा, जिसमें आधुनिक मियावाकी पद्धति का उपयोग कर उपवन विकसित किया जाएगा। इस पद्धति के तहत लगभग 1,31,250 पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें 200 से अधिक प्रजातियाँ शामिल होंगी। मेयर ने शुभारंभ के मौके पर कनेर, आम और आंवला सहित 200 से अधिक पौधे लगाए। अधिकतर पौधे दीर्घजीवी और पर्यावरण के अनुकूल प्रजातियों के होंगे, जो स्वच्छ हवा और हरियाली को बढ़ावा देंगे। नागरिकों की सुविधा के लिए पार्क में जॉगिंग ट्रैक भी बनाया जाएगा। प्राकृतिक कैफेटेरिया होगा मुख्य आकर्षण नमो वन में कई विशेष आकर्षण होंगे, जिनमें घने वृक्ष, तितलियों को आकर्षित करने वाले पौधे, बांस की संरचनाएं, वाटर बाडी, ओपन जिम और एक बर्ड-फ्रेंडली गार्डन शामिल है। पार्क का सबसे बड़ा आकर्षण एक अनूठा कैफेटेरिया होगा। यह किसी पक्के निर्माण से नहीं बनेगा, बल्कि हरे-भरे घास के मैदान को डिज़ाइन करके तैयार किया जाएगा, जहां बैठने के लिए घास की विशेष सजावट होगी। यहां आने वाले लोगों को प्राकृतिक उद्यान में भोजन करने का अनुभव मिलेगा। इस कैफेटेरिया में स्थानीय और ऑर्गेनिक उत्पादों से बनी वस्तुएं उपलब्ध कराने की भी योजना है। कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार क्षेत्रीय पार्षद पिंकी रावत, पार्षद प्रतिनिधि लवकुश रावत, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।